किच्छा में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’, जल संरक्षण का दिया संदेश

Spread the love

किच्छा में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’, जल संरक्षण का दिया संदेश

किच्छा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को किच्छा में बूथ संख्या-84 स्थित पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, स्वच्छता, जनभागीदारी, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, नवाचार तथा विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने ‘कैच द रेन–जहां बारिश, वहीं संचय’ अभियान का उल्लेख करते हुए वर्षा जल संचयन को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है और इसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से घरों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने की अपील की।

कार्यक्रम के उपरांत पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणादायी संवाद है, जो देशवासियों को राष्ट्रहित के विभिन्न विषयों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जन आंदोलन बनाया जाना चाहिए।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘कैच द रेन’ केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनसहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण का संकल्प लेकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, समृद्ध एवं जल-संपन्न भारत का निर्माण संभव होगा।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना, राजेश तिवारी, ग्रामीण मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, विजेंद्र यादव, डी.एन. यादव, धर्मराज जायसवाल, शिव प्रकाश तिवारी, नरेंद्र बागवानी, अखिलेश यादव, चरणजीत सिंह, रजनीश कुमार, गोपाल, सोनी, दीपक गंगवार, सुरेश कुमार, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रोहित भट्ट, खेमकरन कश्यप, धर्मेंद्र तिवारी, अमित गिरी, संजीव गुप्ता सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *