डीपीएस रुद्रपुर में समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

Spread the love

डीपीएस रुद्रपुर में समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

‘खेलोगे तो खिलोगे’ थीम पर आयोजित समर कैंप का रंगारंग समापन

नृत्य, संगीत और तकनीकी प्रदर्शनों से विद्यार्थियों ने जीता दिल

ब्रेन कोडिंग के लाइव डेमो ने अभिभावकों और अतिथियों को किया हैरान

समर कैंप में बच्चों ने रचनात्मकता और आत्मविश्वास का किया शानदार प्रदर्शन

देशभर के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को दिए आधुनिक कौशल के गुर

एआई, रोबोटिक्स और एयरोमॉडलिंग जैसी गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

हॉट एयर बैलून गतिविधि ने बढ़ाया रोमांच, अभिभावकों ने भी लिया आनंद

समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम : सुरजीत सिंह ग्रोवर

तालियों की गूंज और मुस्कुराहटों के बीच यादगार बना डीपीएस का समर कैंप

 

रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप-2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह, उमंग और रचनात्मक प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। “खेलोगे तो खिलोगे” थीम पर आधारित इस कैंप में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर बच्चों की रचनात्मकता, रंग-बिरंगी सजावट और उल्लासपूर्ण माहौल से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वोल्टास के एचआर हेड जितेंद्र सिंह अधिकारी, क्वालिटी हेड प्रशांत, विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर तथा प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

समर कैंप के लिए देश के विभिन्न राज्यों से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया था। कैंप में ब्रेन कोडिंग, रेज़िन आर्ट, अबेकस एवं वैदिक गणित, ग्रूमिंग, एयरोमॉडलिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रोबोटिक्स, फोटोग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुलिनरी आर्ट, बुके एवं हैम्पर डेकोरेशन तथा एडवेंचर गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं वाद्य संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, रचनात्मकता और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण ब्रेन कोडिंग गतिविधि से जुड़े विद्यार्थियों का लाइव प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर विभिन्न वस्तुओं की पहचान करते हुए अपनी एकाग्रता, स्मरण शक्ति और मानसिक क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने आधार कार्ड पर अंकित रंगों और संख्याओं, एटीएम कार्ड नंबर, 500 रुपये के नोट पर अंकित अंकों तथा नोटबुक में लिखे अक्षरों एवं शब्दों को बिना देखे पहचानकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को आश्चर्यचकित कर दिया।

इसके अलावा रेज़िन आर्ट, फोटोग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट, पॉटरी, कुकिंग एवं अन्य गतिविधियों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और रचनात्मक परियोजनाओं को अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहा। हॉट एयर बैलून गतिविधि ने भी सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी बैलून की सवारी का रोमांचक अनुभव लिया।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि समर कैंप बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने, रचनात्मक सोच विकसित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा प्रशिक्षकों एवं संसाधन व्यक्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तालियों की गूंज और मुस्कुराते चेहरों के बीच समर कैंप-2026 का सफल एवं यादगार समापन हुआ।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *