*विधायक बेहड़ ने मां दुर्गा मंदिर निर्माण का किया शिलान्यास, 7 लाख रुपये होंगे खर्च* *किच्छा से सैजना होते हुए दरऊ तक आठ किमी सड़क का 1.5 करोड़ रुपये से होगा हॉटमिक्स नवीनीकरण*

*विधायक बेहड़ ने मां दुर्गा मंदिर निर्माण का किया शिलान्यास, 7 लाख रुपये होंगे खर्च*

 

*किच्छा से सैजना होते हुए दरऊ तक आठ किमी सड़क का 1.5 करोड़ रुपये से होगा हॉटमिक्स नवीनीकरण*

 

रुद्रपुर/किच्छा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सैजना में विधायक तिलक राज बेहड़ ने मां दुर्गा मंदिर निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर में विधायक निधि से सात लाख रुपये की लागत से मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान विधायक ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

 

इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना और भक्ति का पर्व है। मां दुर्गा की आराधना हमें सत्य, साहस, सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ग्राम सैजना में मां दुर्गा मंदिर का निर्माण ग्रामीणों की धार्मिक आस्था और जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। मंदिर बनने से ग्रामीणों को पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही, आने वाली पीढ़ियां भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी रहेंगी।

 

विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्य समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा विधायक निधि का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जा रहा है।

 

इस दौरान विधायक बेहड़ ने बताया कि किच्छा से ग्राम सैजना होते हुए दरऊ की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के करीब आठ किलोमीटर हिस्से का 1.5 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स नवीनीकरण कराया जाएगा। सड़क के सुधारीकरण से ग्राम सैजना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे किसानों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास के साथ ही सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यह स्थल ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलेगी।

 

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान विजय यादव, मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन सिंह, अंकुर पपनेजा, महेंद्र पाल, सुरेश यादव, शाहिद हुसैन, मुख्त्यार अहमद, प्रधान अकरम, शाकिर मियां, बलदेव कश्यप, विनोद यादव, नत्थू लाल पाल, अजय यादव, हरीश कुमार, सरदार मंजीत सिंह, हरविंदर सिंह, कमल मौर्य सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement