महापौर की कार्यशैली के कायल हुए कैबिनेट मंत्री – विकास शर्मा की ‘विजनरी’ कार्यप्रणाली की जमकर सराहना

Spread the love

महापौर की कार्यशैली के कायल हुए कैबिनेट मंत्री

– विकास शर्मा की ‘विजनरी’ कार्यप्रणाली की जमकर सराहना

 

रूद्रपुर। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपने प्रथम जिला मुख्यालय भ्रमण के दौरान न केवल विकास योजनाओं की सौगात दी, बल्कि अपने पुराने साथी और नगर के महापौर विकास शर्मा के कार्यकाल की मुक्त कंठ से प्रशंसा भी की। शहर के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद कैबिनेट मंत्री बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बहुत ही अल्प समय में महापौर ने रूद्रपुर की तस्वीर बदलने का जो बीड़ा उठाया है, वह पूरे प्रदेश के स्थानीय निकायों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।

 

वेंडिंग जोन के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने महापौर की पीठ थपथपाते हुए इसे ‘विकास की आधुनिक सोच’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर शहरों में पटरी व्यवसायी उपेक्षा का शिकार रहते हैं, लेकिन रूद्रपुर में उन्हें न केवल स्थाई रोजगार का जरिया दिया गया, बल्कि शहर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से भी स्थाई निजात दिलाई गई है। मंत्री कैड़ा ने कहा कि यह मॉडल सामाजिक न्याय और शहरी प्रबंधन का बेहतरीन तालमेल है।

 

त्रिशूल चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल की कलाकृति को देख मंत्री अभिभूत हुए। उन्होंने महापौर की सराहना करते हुए कहा विकास शर्मा ने शहर को आधुनिक बनाने के साथ-साथ अपनी सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का जो कार्य किया है, वह सराहनीय है। त्रिशूल चौक आज शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।

 

वहीं, किच्छा रोड स्थित पार्क के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने इसे ‘असंभव को संभव’ करने वाला कार्य बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर दशकों से कूड़े का पहाड़ खड़ा था और जो शहर के लिए कलंक बना हुआ था, उसे हटाकर एक सुंदर पार्क में तब्दील करना मजबूत इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। यह स्वच्छता अभियान की दिशा में एक क्रांतिकारी उपलब्धि है।शहरी विकास मंत्री ने न केवल राजनीतिक नेतृत्व बल्कि प्रशासनिक सक्रियता की भी प्रशंसा की। उन्होंने नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे द्वारा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग की सराहना करते हुए कहा कि जब विजनरी नेतृत्व और कुशल प्रशासन साथ मिलकर काम करते हैं, तो परिणाम इसी तरह सुखद आते हैं।

 

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने महापौर विकास शर्मा को आश्वस्त किया कि रूद्रपुर के विकास के रथ को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने वायदा किया कि शहर के आगामी प्रोजेक्ट्स और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका मंत्रालय हर संभव वित्तीय और तकनीकी सहयोग प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराएगा। इस दौरान महापौर ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य की कार्ययोजनाओं का खाका भी प्रस्तुत किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *