जेसीज पब्लिक स्कूल में श्रमिक दिवस व बुद्ध पूर्णिमा पर विशेष आयोजन

Spread the love

जेसीज पब्लिक स्कूल में श्रमिक दिवस व बुद्ध पूर्णिमा पर विशेष आयोजन

विद्यार्थियों ने नाटिका ‘कटे हाथ’ से श्रमिकों की पीड़ा को किया जीवंत

प्रधानाचार्य आर.डी. शर्मा ने बुद्ध के आदर्श अपनाने का किया आह्वान

पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग पर आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र

प्रबंधन समिति ने दी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल में श्रमिक दिवस एवं बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा बुद्ध के जीवन दर्शन तथा श्रमिकों के महत्व से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने महात्मा बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों तथा अहिंसा और करुणा के सिद्धांतों पर आधारित कविता पाठ, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने बुद्ध पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौतम बुद्ध का जीवन सत्य, शांति और मध्यम मार्ग का प्रतीक है।

श्रमिक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को श्रमिक वर्ग के संघर्ष, त्याग और परिश्रम से परिचित कराया गया। इस दौरान बच्चों को श्रमिकों के प्रति सम्मान, न्यायपूर्ण व्यवहार और कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘कटे हाथ’ नामक लघु नाटिका रही, जिसमें कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने श्रमिकों की पीड़ा और उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.डी. शर्मा ने अपने संबोधन में महात्मा बुद्ध के व्यक्तित्व और उनके संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके बिना दैनिक जीवन की कल्पना संभव नहीं है।

इस अवसर पर शिक्षिका पंकजा तिवारी ने महात्मा बुद्ध के अष्टांग मार्ग के सिद्धांतों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उन्हें जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिक दिवस पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने श्रमिकों के योगदान को सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं निदेशक सुधांशु पंत ने विद्यार्थियों को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए महात्मा बुद्ध के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *