बंग भवन निर्माण को लेकर तेज हुई प्रक्रिया, विधायक शिव अरोरा ने डीएम से की मुलाकात

Spread the love

 

बंग भवन निर्माण को लेकर तेज हुई प्रक्रिया, विधायक शिव अरोरा ने डीएम से की मुलाकात

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद बंग भवन निर्माण को मिली रफ्तार

बंगाली समाज की कला-संस्कृति का केंद्र बनेगा प्रस्तावित भवन

विधायक अरोरा बोले—समाज की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी

 

रुद्रपुर। बंगाली समाज के लंबे समय से लंबित बंग भवन निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। विधायक शिव अरोरा ने गुरुवार को बंगाली समाज के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी नितिन भदोरिया से मुलाकात कर किच्छा रोड स्थित पुराने ट्रेजरी ऑफिस की चयनित भूमि के शीघ्र हस्तांतरण की मांग की। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को लिखित पत्र भी सौंपा।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 14 अगस्त 2023 को आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रुद्रपुर में बंग भवन निर्माण की मांग रखी गई थी, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए अपनी घोषणाओं में शामिल किया था। इसके अलावा विधायकों से मांगे गए प्रमुख कार्यों में भी उन्होंने इस प्रस्ताव को प्राथमिकता दी थी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रशासनिक टीम के साथ किच्छा बायपास रोड स्थित पुराने ट्रेजरी कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया, जहां बंग भवन निर्माण के लिए स्थान को उपयुक्त मानते हुए सहमति बनी। अब भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है।

जिलाधिकारी नितिन भदोरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

विधायक अरोरा ने कहा कि प्रस्तावित बंग भवन में बंगाली समाज की कला, संस्कृति, इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम व तराई क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण की दिशा में प्रगति से समाज में खुशी का माहौल है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

इस दौरान दर्जामंत्री उत्तम दत्ता, बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शाह, पूर्व मंडी अध्यक्ष केके दास, समीर राय, शंकर चक्रवर्ती, गणेश सरकार, विशाल शील और पलव शील सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *