मई दिवस की तैयारी में श्रमिकों का बाइक जुलूस, सिडकुल चौक पहुंचने की अपील
रुद्रपुर, 30 अप्रैल।
श्रमिक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले मई दिवस की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को शहर में बाइक जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में 1 मई को सिडकुल चौक पहुंचकर मई दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।
जुलूस के उपरांत ट्रांजिट कैंप स्थित परशुराम चौक पर आयोजित संक्षिप्त सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मई दिवस मजदूरों के संघर्ष और अधिकारों का प्रतीक है। दुनिया भर में इस दिन मजदूर अपने हक के लिए आवाज बुलंद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में पूंजीपति वर्ग श्रमिकों का शोषण कर रहा है और सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम कानून मजदूर विरोधी हैं।
वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों से 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है, जबकि उन्हें उचित वेतन नहीं मिल रहा। उन्होंने 1888 में अमेरिका के शिकागो में 8 घंटे कार्यदिवस की मांग को लेकर मजदूरों की शहादत का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद यह अधिकार मिला था, जिसे आज कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने आह्वान किया कि मजदूर दिवस को अपने अधिकारों की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाए और सभी श्रमिक एकजुट होकर इसमें भाग लें। वक्ताओं ने श्रमिकों से 1 मई को दोपहर 1 बजे सिडकुल चौक पहुंचने की अपील की।
इस दौरान सीएसटीयू के महासचिव मुकुल, संयुक्त श्रमिक मोर्चा के उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव कैलाश भट्ट, सुरेंद्र रावत, दिनेश चंद्र, भाकपा (माले) जिला सचिव ललित मटियाली सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







