जन्मदिन बना जनउत्सव, महापौर विकास शर्मा को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन शिव कॉरिडोर का भूमिपूजन, दिनभर नगर निगम में बधाइयों का लगा तांता

Spread the love

जन्मदिन बना जनउत्सव, महापौर विकास शर्मा को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन

शिव कॉरिडोर का भूमिपूजन, दिनभर नगर निगम में बधाइयों का लगा तांता

रुद्रपुर, बुधवार। नगर के प्रथम नागरिक महापौर विकास शर्मा का जन्मदिन इस वर्ष जनउत्सव के रूप में मनाया गया। सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा, वहीं नगर निगम परिसर दिनभर बधाइयों, सम्मान और जनसहभागिता का केंद्र बना रहा। ढोल-नगाड़ों और गीत-संगीत के बीच समर्थकों में महापौर को बधाई देने की होड़ मची रही।

महापौर ने दिन की शुरुआत अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे परिजनों और समर्थकों के साथ नीलकंठ धाम पहुंचे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी दौरान उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘शिव कॉरिडोर’ के निर्माण के लिए वैदिक विधि-विधान से भूमिपूजन किया। महापौर ने इसे शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

नगर निगम पहुंचने पर महापौर का भव्य स्वागत किया गया। गगनभेदी नारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच समर्थकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित श्रीरामायण पाठ से वातावरण भक्तिमय हो गया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में केक काटा गया और विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने महापौर को सम्मानित किया। मोबाइल एसोसिएशन ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया, जबकि ब्राह्मण महासभा ने गदा भेंट की। अन्य संगठनों ने तलवार, त्रिशूल एवं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भेंट कर अभिनंदन किया। शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट करने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्मृति चिह्न भेंट कर महापौर को शुभकामनाएं दीं।

अभूतपूर्व स्वागत से भावुक नजर आए महापौर विकास शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान रुद्रपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए जनसेवा का माध्यम है और उनका लक्ष्य रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना है।

महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिव कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं जल्द धरातल पर नजर आएंगी और रुद्रपुर को एक नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा।

जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *