*गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत, सैन्यकर्मियों की पत्नियां और बेटियां भी शामिल*

### *गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत, सैन्यकर्मियों की पत्नियां और बेटियां भी शामिल*

 

कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और टेलर की आमने-सामने की भिड़ंत में दो सैन्यकर्मियों, उनकी पत्नियों और बेटियों समेत सात लोगों की जान चली गई। हादसे की खबर से कोटद्वार के लालपुर, सिमलचौड़ और मोटाढाक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

मृतकों की पहचान गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता तथा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और बेटी वामिका के रूप में हुई है। हादसे के समय नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और सुरक्षित हैं।

 

जानकारी के अनुसार, सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था, जबकि नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नायक नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में निवास करता है। बताया जा रहा है कि सौरभ के परिवार के सदस्य बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात घूमने गए थे। इस यात्रा में तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र घूमने पहुंचे थे।

 

गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच रण क्षेत्र से लौटते समय भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सातों लोगों की मौत हो गई।

 

### गंभीर चोटों के चलते गई सातों की जान

 

हादसे में मृत सातों लोगों को सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में हृदय और श्वसन तंत्र के काम करना बंद कर देना मौत का कारण बताया गया है। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण सदमे की स्थिति बनी, जिसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया।

 

### कोटद्वार लाए जा रहे पार्थिव शरीर

 

ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और पार्थिव शरीर को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक शवों के पहुंचने की संभावना है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा। हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। तीन परिवारों की खुशियां एक ही दुर्घटना में उजड़ने से स्थानीय लोगों में गम का माहौल है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement