*घायल युवक का हाल जानने अस्पताल पहुंचे महापौर विकास शर्मा*
*बोले- निष्पक्ष जांच से ही पीड़ितों को मिलेगा न्याय, दोषी पर हो कार्रवाई*
*कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठे लोगों से की वार्ता, परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा*
रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर वाहनों की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में घायल युवक अभिषेक का राममूर्ति अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच रविवार को महापौर विकास शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और उसके परिजनों से मुलाकात की।
महापौर ने चिकित्सकों से अभिषेक के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली तथा उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार और न्याय के मामले में परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे पहले महापौर विकास शर्मा कोतवाली पहुंचे, जहां पीड़ित पक्ष की ओर से धरना दिया जा रहा था। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महापौर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और बाद में मारपीट की स्थिति बनी, जिसमें अभिषेक घायल हुआ। उन्होंने कहा कि घटना में किसकी कितनी भूमिका है और कौन दोषी है, यह पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच पूरी होने से पहले किसी भी पक्ष को दोषी ठहराना उचित नहीं है।
उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने और कानून तोड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। महापौर ने बताया कि निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की गई है।
महापौर ने घटना को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना को राजनीतिक संघर्ष का मुद्दा बनाने के बजाय सभी पक्षों को शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि घायल अभिषेक नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी का पुत्र है। नगर निगम परिवार के साथ खड़ा है और उसकी चिकित्सा, परिवार की चिंता तथा न्याय के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। हालांकि, घटना को राजनीतिक रंग देकर शहर का माहौल खराब करना उचित नहीं है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर शांतिप्रिय शहर है। किसी भी घटना को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषी चाहे किसी भी पक्ष का हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
राजनीतिक आरोपों के बीच महापौर ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पक्ष का बचाव करना नहीं, बल्कि घायल युवक के उपचार और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
उन्होंने कहा कि न्याय तभी संभव है, जब जांच निष्पक्ष हो। पुलिस को बिना किसी दबाव के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो और निर्दोष को किसी भी तरह परेशान न किया जाए।
महापौर ने लोगों से घटना को लेकर अफवाहों और राजनीतिक बयानबाजी से बचने तथा पुलिस जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द सर्वोपरि है।







