*आपदा से निपटने को पूर्व तैयारी जरूरी, सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : शिव अरोरा*
रुद्रपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में जनपद में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां ही सबसे बड़ा बचाव हैं। उन्होंने बरसात के दौरान जलभराव, नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा राहत एवं बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारी पर विशेष जोर दिया।
विधायक ने वर्ष 2021 की भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि रुद्रपुर में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से शिवनगर, संजय नगर और जगतपुरा जैसे निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रभावी प्रबंधन करने की आवश्यकता बताई।
शिव अरोरा ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में राहत सामग्री, आवश्यक संसाधनों और बचाव उपकरणों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून को देखते हुए राहत एवं बचाव दल, चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक उपकरण और संचार व्यवस्था हर समय सक्रिय रखी जाए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके।
बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों, संवेदनशील स्थलों, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, तरुण दत्ता, एडीएम पंकज उपाध्याय, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







