*100 करोड़ की संपत्ति का दावा करने वाला फर्जी IAS गिरफ्तार, टेस्ला कार और हिरण के सींग बरामद*

Spread the love

*100 करोड़ की संपत्ति का दावा करने वाला फर्जी IAS गिरफ्तार, टेस्ला कार और हिरण के सींग बरामद*

खगड़िया। जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार में शनिवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले मनीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट भी बताया था। प्रारंभिक जांच में उसके दोनों दावे फर्जी पाए गए हैं।

खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर डीआईयू, गोगरी डीएसपी चंदन ठाकुर और गोगरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मनीष के घर पर छापेमारी की। घर के बाहर पुलिस को दो वाहन मिले। इनमें एक काले रंग की टेस्ला इलेक्ट्रिक कार और दूसरी सफेद रंग की सफारी थी। दोनों वाहनों पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। मनीष ने दोनों वाहनों को अपना बताया, लेकिन बोर्ड लगाने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ के दौरान खुद को आईएएस अधिकारी बताया और मोबाइल में कथित पहचान पत्र भी दिखाया। पुलिस ने पहचान पत्र का प्रिंटआउट जब्त कर लिया। आरोपी के पास करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का भी पुलिस ने दावा किया है। हालांकि, संपत्ति से जुड़े दावों की जांच की जा रही है।

घर से मिले कई संदिग्ध सामान

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग बैंकों और कंपनियों के 23 क्रेडिट कार्ड, करीब आठ डेबिट कार्ड और चार बैंकों की चेकबुक बरामद कीं। घर में लगे 11 सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।

इसके अलावा घर से बारहसिंघा के दो सींग बरामद हुए हैं। वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत इनके संबंध में भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस के अनुसार मौके से करीब 31 लीटर महंगी विदेशी शराब और पांच आईफोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस बरामद दस्तावेजों, वाहनों, बैंकिंग साधनों और अन्य सामान की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी की कथित संपत्ति और उसके द्वारा किए गए अन्य दावों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *