युवा मोर्चा की संगठनात्मक बैठक में संगठन मजबूती पर जोर

युवा मोर्चा की संगठनात्मक बैठक में संगठन मजबूती पर जोर

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिला ऊधम सिंह नगर की संगठनात्मक परिचय बैठक रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली एवं प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करना, आपसी समन्वय को मजबूत बनाना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। इसके बाद संगठन की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने और जनसंपर्क को व्यापक बनाने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी ने आगामी अभियानों की रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही उसकी पहचान है और पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। बैठक में जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, मोर सिंह यादव, सुरेन्द्र चौधरी, जिला महामंत्री विशाल सिंह, शशांक वर्मा, पारस अग्रवाल, रचित सिंह, मनीष गोस्वामी, विक्की राघव, विकास पोखरिया, अंकित गोयल सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement