*किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनाव की मतगणना 7 अक्टूबर को* *सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम*

*किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनाव की मतगणना 7 अक्टूबर को*

*सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम*

रुद्रपुर। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के चुनाव की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की ओर से 5 अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार दोनों निकायों की मतगणना 7 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आदेश में किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के सामान्य निर्वाचन-2026 की मतगणना के लिए संशोधित समय-सारणी निर्धारित की गई है। संबंधित निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही संबंधित कार्यालयों एवं नगर निकायों के सूचना पट्टों पर भी कार्यक्रम की प्रतियां प्रदर्शित की जाएंगी।

यह संशोधित कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में जारी किया गया है। किच्छा निवासी अलीना मलिक की ओर से मतगणना को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को मतगणना तीन सप्ताह बाद कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।

अलीना मलिक बनाम स्टेट ऑफ उत्तराखंड एंड अदर्स मामले में 5 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के 30 सितंबर के आदेश पर रोक लगाते हुए किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के चुनाव की मतगणना कराने तथा परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए। दोनों निकायों में 22 सितंबर को मतदान संपन्न हो चुका है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने तत्काल संशोधित मतगणना कार्यक्रम जारी कर दिया। अब 7 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दोनों निकायों की मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने तक प्रक्रिया जारी रहेगी।

मतगणना की तारीख तय होने के साथ ही दोनों निकायों के प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं। मतगणना के बाद किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के साथ ही सभी वार्डों के परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। लंबे समय से बनी चुनाव परिणामों की अनिश्चितता भी अब समाप्त हो गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement