UKSSSC परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, 55 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अजय गणपति सख्त: UKSSSC परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
अजय गणपति बोले- नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर रहेगी विशेष निगरानी
55 केंद्र, 55 मजिस्ट्रेट: अजय गणपति ने परखी परीक्षा सुरक्षा तैयारियां
UKSSSC परीक्षा में बॉडी कैमरों से होगी निगरानी, अजय गणपति ने दिए निर्देश
अजय गणपति का संदेश: पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा कराना पुलिस की प्राथमिकता
14 जून को कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद, अजय गणपति ने जारी किए सख्त आदेश
रुद्रपुर। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 55 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 55 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच और फ्रिस्किंग मुख्य गेट के बाहर ही की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। वहीं, परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरों के साथ ड्यूटी करेंगे, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
एसएसपी ने परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी केंद्रों एवं परीक्षा कक्षों की सघन तलाशी लेने तथा प्रत्येक कक्ष में लगाए गए जैमर की कार्यक्षमता जांचने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल एवं एनालॉग घड़ियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा की गोपनीयता और गरिमा बनाए रखने के लिए 14 जून को जनपद के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक अथवा नकल से जुड़े मामलों में पूर्व में जेल जा चुके या आरोपित रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर स्थानीय पुलिस एवं एलआईयू की विशेष नजर रहेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसएसपी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई नकल माफिया, सॉल्वर गैंग अथवा अन्य असामाजिक तत्व परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







