नशे में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी बर्खास्तगी तक की कार्रवाई : एसएसपी अजय गणपति

Spread the love

नशे में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी बर्खास्तगी तक की कार्रवाई : एसएसपी अजय गणपति

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे कर्मियों को बर्खास्त भी किया जा सकता है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा और विभाग की प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है तथा अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने के लिए पुलिस को पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

एसएसपी ने बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना आवश्यक है। इसके लिए सभी कार्मिकों को नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी गई।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *