### *जनसंवाद के चौथे दिन बेहड़ ने 2.10 करोड़ के 11 विकास कार्यों का किया लोकार्पण व शिलान्यास*
*बुवाई के समय किसानों को खाद उपलब्ध न करा पाना सरकार की विफलता : बेहड़*
किच्छा, 20 नवंबर। विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के चौथे दिन ग्राम भंगा, सतुईया, पुलभट्टा, दोपहरिया, पंतपुरा, अंजनिया और पटेरी समेत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से होने वाले 11 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
विधायक बेहड़ ने किच्छा-पुलभट्टा-सतुईया मोटर मार्ग के 69.96 लाख रुपये की लागत से किए गए निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। वहीं ग्राम दोपहरिया में श्मशान घाट तक जाने वाले सड़क मार्ग तथा ग्राम भंगा में 1500 मीटर मोटर मार्ग के पीसी नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। दोपहरिया में सड़क निर्माण पर 62.05 लाख रुपये और भंगा में नवीनीकरण कार्य पर 55.16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा विधायक निधि से ग्राम सतुईया में 3.03 लाख, पुलभट्टा में 1.79 लाख और दोपहरिया में 3.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़कों का लोकार्पण किया। ग्राम अंजनिया में दो सड़कों पर 5.66 लाख और दो अन्य सड़कों पर 5.92 लाख रुपये तथा ग्राम पटेरी में 2.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का भी लोकार्पण किया गया। सभी कार्यक्रम ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुए।
जनसंवाद के दौरान किसानों ने विधायक को खाद की किल्लत से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन आवश्यक खाद नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद के लिए किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसानों की समस्या पर विधायक बेहड़ ने प्रदेश सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उनके हितों की बात करती है, लेकिन बुवाई के महत्वपूर्ण समय में खाद उपलब्ध नहीं करा पाना व्यवस्थागत विफलता है। उन्होंने कहा कि किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया और लंबी कतारों से जूझना पड़ रहा है, जबकि इस समय उन्हें समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। खाद की किल्लत किसानों के साथ अन्याय है और किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी किसान विरोधी सरकार को सत्ता से हटाने का समय आ गया है।
ग्राम भंगा में सभा को संबोधित करते हुए बेहड़ ने कहा कि गांव से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 1991 से चुनाव लड़ने की शुरुआत के बाद उन्होंने लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके पूर्व कार्यकाल में भंगा में हाईस्कूल की स्थापना, सड़क निर्माण और सिंचाई के लिए ट्यूबवेल समेत कई विकास कार्य कराए गए।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता और बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर वह लगातार आवाज उठा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। क्षेत्र के कई विद्यालयों को जूनियर से हाईस्कूल और हाईस्कूल से इंटर कॉलेज में उच्चीकृत करने के लिए शासन को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन किच्छा विधानसभा के किसी भी विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हो पाया। भंगा के ग्रामीणों की इंटर कॉलेज की मांग पर उन्होंने इस दिशा में प्रयास जारी रखने का भरोसा दिया।
शंकर फार्म तक सड़क निर्माण के संबंध में विधायक ने बताया कि सड़क का चयन और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन नाबार्ड से बजट की शेष धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
कार्यक्रम में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सईदुल रहमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, पिंटू प्रधान, डॉ. त्रिमल, अमन कश्यप, टीकाराम गंगवार, शंकर राठौड़, प्रेमपाल, रजत गंगवार, शकील, इमरान, दुर्गा प्रसाद, डॉ. नेमचंद गंगवार, बनवारी लाल, राजेंद्र कुमार, नरेंद्र कश्यप, रिंका, गीता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दलजीत सिंह, शिशुपाल और धर्मेंद्र समेत अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



