*छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां, छठ घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं* *महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, सफाई, स्वच्छ जल और आकर्षक लाइटिंग पर रहेगा विशेष जोर*

*छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां, छठ घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं*

*महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, सफाई, स्वच्छ जल और आकर्षक लाइटिंग पर रहेगा विशेष जोर*

रुद्रपुर। छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छ जल, प्रकाश व्यवस्था और सजावट के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि छठ पर्व पूर्वांचल समाज की आस्था और परंपरा से जुड़ा प्रमुख त्योहार है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में घाटों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस बार भी सभी प्रमुख छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। घाटों पर चूने का छिड़काव कराने के साथ स्वच्छ जल की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, आकर्षक लाइटिंग और सजावट के माध्यम से घाटों को सुंदर स्वरूप दिया जाएगा।

महापौर ने बताया कि इस संबंध में पूर्वांचल समाज के वरिष्ठजनों से भी बातचीत हुई है। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि नगर निगम की ओर से छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में स्थित छठ घाटों की सूची नगर निगम को उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि घाटों की स्थिति का आकलन कर समय से सफाई और अन्य व्यवस्थाएं शुरू की जा सकें। महापौर ने कहा कि छठ पूजा को श्रद्धा, उत्साह और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement