रुद्रपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा, उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को रुद्रपुर में ‘विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। सिटी क्लब से शुरू हुई यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे और सेवा ज्योति लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
कार्यक्रम की शुरुआत सिटी क्लब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के प्रसारण के साथ हुई। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन सुना। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के भाव को अपने कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और संकल्प के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। रुद्रपुर में यात्रा में उमड़ी भीड़ ने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी का संदेश दिया है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियां और जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, काशीपुर जिला प्रभारी पुष्कर काला, साकेत अग्रवाल, भारत भूषण चुघ, प्रीत ग्रोवर, मुकेश पाल, सुशील यादव, जगदीश विश्वास, राजेश बजाज, रोशन अरोरा, अनिल चौहान, विमला बिष्ट, किरण विर्क, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।


