*विकसित भारत के संकल्प के साथ रुद्रपुर में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा* *सिटी क्लब में विकसित भारत संकल्प सभा, पीएम मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया वर्चुअल संबोधन* *महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की*

*विकसित भारत के संकल्प के साथ रुद्रपुर में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा*

*सिटी क्लब में विकसित भारत संकल्प सभा, पीएम मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया वर्चुअल संबोधन*

*महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की*

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रुद्रपुर में ‘मोदी जी के 25 वर्ष : जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की भावना को समर्पित विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। सिटी क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गाबा चौक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ। इस दौरान भाजपा महिला कार्यकर्ताओं की ओर से प्राकृतिक मसालों और विभिन्न अनाजों से तैयार की गई आकर्षक रंगोली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के दौरान देश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल संबोधन के माध्यम से ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।

इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। राष्ट्रगान के बाद सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। प्रतिभावान खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह सेवा ज्योति की मशाल लेकर सबसे आगे चले। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ‘विकसित भारत’ के नारों के साथ आगे बढ़े। यात्रा सिटी क्लब से बाईपास मार्ग, मुख्य बाजार और काशीपुर रोड होते हुए गाबा चौक पहुंची।

सेवा ज्योति चौक के रूप में विकसित होगा गाबा चौक

गाबा चौक पर आयोजित सभा में जिला संयोजक एवं रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से चौक के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां सेवा ज्योति को स्थायी रूप से प्रज्वलित किया जाएगा। फिलहाल पवित्र सेवा ज्योति को नीलकंठ धाम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। चौक के विकास के बाद इसी ज्योति को सेवा ज्योति चौक पर स्थापित किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि सेवा ज्योति केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का संकल्प है। गाबा चौक को सेवा ज्योति चौक के रूप में विकसित किए जाने से यह स्थान शहर में इस संकल्प के प्रतीक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प : बहुगुणा

प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सेवा ज्योति यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। इस अवधि में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई दिशा और गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा ज्योति इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

जनभागीदारी से पूरा होगा विकसित भारत का लक्ष्य : शिव अरोड़ा

रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय लक्ष्य है। सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज के बीच ले जाने का माध्यम है। उन्होंने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार जताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी एवं सह संयोजक विजय तोमर, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता व रमेश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बलराज पासी, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर मेयर दीपक बाली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement