*विकसित भारत के संकल्प के साथ निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा
सिटी क्लब में हुई विकसित भारत संकल्प सभा, पीएम मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया वर्चुअल संबोधन*
*महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की*
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रुद्रपुर में ‘मोदी जी के 25 वर्ष : जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की भावना को समर्पित विकसित भारत संकल्प सभा और भव्य सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। सिटी क्लब में आयोजित जिला स्तरीय सभा के बाद सेवा ज्योति यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गाबा चौक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं की ओर से प्राकृतिक मसालों और विभिन्न अनाजों से तैयार की गई आकर्षक रंगोली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के साथ देश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।
इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। राष्ट्रगान के बाद सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। प्रतिभावान खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह सेवा ज्योति की मशाल लेकर यात्रा में सबसे आगे चले। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनसमुदाय ‘विकसित भारत’ के नारों के साथ आगे बढ़ा। यात्रा सिटी क्लब से बाईपास मार्ग, मुख्य बाजार और काशीपुर रोड होते हुए गाबा चौक पहुंची।
गाबा चौक पर आयोजित सभा में प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। देश ने इस अवधि में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई दिशा और गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा ज्योति इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
गाबा चौक बनेगा सेवा ज्योति चौक
जिला संयोजक एवं रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से चौक के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। चौक का विकास पूरा होने के बाद यहां सेवा ज्योति को स्थायी रूप से प्रज्ज्वलित किया जाएगा। फिलहाल पवित्र सेवा ज्योति को नीलकंठ धाम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति केवल प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का संकल्प है।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही पूरा होगा। सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार जताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, महापौर विकास शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, विधायक शिव अरोड़ा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर मेयर दीपक बाली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बलराज पासी, जिला महामंत्री तरुण दत्ता व रमेश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


