किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर पुलिस मुस्तैद, अजय गणपति ने संभाली कमान

किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर पुलिस अलर्ट, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। मतगणना को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल के साथ तीन कंपनी पीएसी तैनात की गई हैं। वहीं, ड्रोन कैमरों के माध्यम से मतगणना केंद्रों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी।

मतगणना की तैयारियों को लेकर पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। बैठक में एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों और जवानों को मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना एजेंटों के प्रवेश एवं निकास, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, चार क्षेत्राधिकारी, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन कंपनी पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।

पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने के साथ ही लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। मतगणना केंद्रों के आसपास ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर टीम की 24 घंटे निगरानी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना के प्रसार को रोका जा सके।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और प्रशासन-पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement