*लालपुर चौकी के पास परिवार को गन पॉइंट पर बंधक बनाकर लूटपाट, नकदी-आभूषण और स्कूटी लेकर फरार हुए बदमाश*
*तीन तोले सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये ले गए आरोपी, घटना से क्षेत्र में दहशत*
किच्छा। कोतवाली किच्छा क्षेत्र के लालपुर चौकी के पास बदमाशों ने एक मकान में घुसकर परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और लूटपाट कर फरार हो गए। बीती रात हुई इस वारदात में आरोपी करीब तीन तोले सोने-चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये की नकदी और स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। वहीं, वारदात से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतन लॉजिस्टिक्स से करीब आधा किलोमीटर आगे वार्ड नंबर दो निवासी दिनेश पुत्र जगदीश का मकान है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दिनेश मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि उसका भाई श्याम दूसरे कमरे में और मां प्रेमलता व बहन प्रभा एक अन्य कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान हथियारों से लैस बदमाश मकान में घुस आए।
आरोप है कि बदमाशों ने प्रेमलता और प्रभा को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। इसके बाद श्याम को भी कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। परिवार के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली। इसके बाद वे स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि जिस कमरे में प्रभा को बंद किया गया था, उसने किसी तरह कुंडी खोलकर खुद को बाहर निकाला। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी कमरों से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिवार के लोग काफी देर तक दहशत में रहे। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, क्षेत्राधिकारी डीआर वर्मा द्वारा कोतवाली में पुलिसकर्मियों के साथ बैठक किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस की ओर से घटना के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लालपुर चौकी के पास हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


