*मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन*
*एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी*
रुद्रपुर। विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के बैनर तले जिलेभर से पहुंचीं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। बाद में उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की मांग की। कहा कि राज्य सरकार की ओर से 140 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 150 रुपये की बढ़ोतरी की जानी चाहिए।
उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त 10 लाख रुपये की धनराशि दिए जाने के साथ ही योग्यता के अनुसार पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, ऐसे में उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान सुशीला खत्री, रेखा नेगी, अनीता समेत जिलेभर से आईं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


