रुद्रपुर में बनेगा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का भव्य प्रवेश द्वार
रुद्रपुर। उत्तराखंड की कला, संस्कृति और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को प्रदर्शित करने वाला भव्य प्रवेश द्वार रुद्रपुर में जल्द आकार लेगा। रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के समीप प्रस्तावित प्रवेश द्वार के निर्माण की तैयारियों को लेकर विधायक शिव अरोरा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना की रूपरेखा, यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने 31 अक्टूबर 2022 को रुद्रपुर में उत्तराखंड की कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा था। मुख्यमंत्री ने 17 मई 2023 को इसे मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 677/2023 में शामिल किया। जिला विकास प्राधिकरण की ओर से करीब 2.75 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना की डीपीआर तैयार कर डिजाइन को स्वीकृति भी दी जा चुकी है।
प्रस्तावित प्रवेश द्वार को उत्तराखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक के अनुरूप विकसित किया जाएगा। परिसर में पर्यटन विभाग का पूछताछ एवं सूचना केंद्र, आधुनिक शौचालय, उत्तराखंड का आकर्षक मानचित्र, लैंडस्केपिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड रूम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे प्रदेश में प्रवेश करने वाले पर्यटकों और यात्रियों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर उत्तराखंड का प्रवेश द्वार है। ऐसे में यहां बनने वाला यह भव्य प्रवेश द्वार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने से यह महत्वपूर्ण परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रुद्रपुर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और यह प्रवेश द्वार शहर की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।
ये रहे मौजूद: निरीक्षण के दौरान मेयर विकास शर्मा, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन, सचिव पंकज उपाध्याय, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम मनीष बिष्ट, एनएच पीडी अंचल जिंदल, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमित भारती, पेयजल निर्माण के अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







