*मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, ठुकराल ने डीएम से की शिकायत*

Spread the love

*मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, ठुकराल ने डीएम से की शिकायत*

रुद्रपुर। मतदाता सूची में कथित धांधली और फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात की। उन्होंने डीएम को विस्तृत शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

ठुकराल ने अतिरिक्त जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और अतिरिक्त जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से भी वार्ता की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए एक ही आपत्तिकर्ता द्वारा 100 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि एक व्यक्ति अधिकतम पांच आपत्तियां ही दर्ज करा सकता है, इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें अपने नाम से आपत्ति दर्ज होने की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना ठोस साक्ष्य के फर्जी एवं कूटरचित आपत्तियां दाखिल कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। ठुकराल ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की।

उन्होंने जिलाधिकारी से फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *