*चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा*

Spread the love

*चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा*

डोईवाला। डोईवाला के पास मंगलवार शाम चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। चालक की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।

जानकारी के अनुसार डालनवाला, देहरादून निवासी हिमांशु जोशी पुत्र नरेश चंद्र जोशी मंगलवार शाम जौलीग्रांट से कार द्वारा देहरादून लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे उनकी कार देहरादून रोड पर मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे पहुंची ही थी कि अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।

कार में अकेले सवार हिमांशु जोशी ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल वाहन सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और कार का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना शाम 7:34 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पंवार मौके के लिए रवाना हुए और शाम 7:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी दौरान दमकल विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *