*ट्रांजिट कैंप हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल*
*₹5 हजार की चोरी के शक में की हत्या, एक गिरफ्तार*
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ₹5 हजार की चोरी के संदेह में आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मृतक की पहचान ठाकुर नगर निवासी 23 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र स्व. सुभाष चंद्र के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
विवेचना में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर क्षेत्र में शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला किया तथा रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल से एकत्र किए गए रक्तरंजित नमूनों समेत अन्य साक्ष्यों को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय सुनील कुमार उर्फ इक्का पुत्र भारत सिंह, निवासी शिवनगर वार्ड-2, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।







