*ऑपरेशन प्रहार: हल्द्वानी में जुए के अड्डे पर छापा, 13 जुआरी गिरफ्तार*
हल्द्वानी। ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 58,950 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपदभर में अवैध जुआ-सट्टे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात मंगलपड़ाव चौकी क्षेत्र स्थित रामलीला मोहल्ले में एक दुकान के दो मंजिला पुराने गोदाम में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 13 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त ताश के पत्ते तथा नाल-फड़ से 58,950 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश कुमार, हैदर अली, प्रशांत कुमार, कुशल, आसिफ, मोहम्मद शाहनवाज, शोएब, मोहम्मद राहुल, मोहम्मद समीर, फैजान, शाहनवाज, सर्वेश और योगेंद्र के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी करने वाली पुलिस टीम में मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौर, कांस्टेबल संतोष बिष्ट, कमलेश सिंह तथा भोपाल सिंह शामिल रहे।







