*ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर महिला कांस्टेबल बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर*

Spread the love

*ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर महिला कांस्टेबल बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर*

बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की 2021 बैच की महिला कांस्टेबल भारती यादव ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर का पद प्राप्त किया है। उन्होंने ड्यूटी के साथ लगातार पढ़ाई जारी रखी और यूजीसी-नेट (UGC-NET) जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुई हैं।

भारती यादव की पहली तैनाती बलिया जिले के नरही थाने में हुई थी। पुलिस की व्यस्त और अनियमित ड्यूटी के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। ड्यूटी के बाद मिलने वाले समय में, चाहे दिन हो या रात, उन्होंने नियमित अध्ययन जारी रखा। यहां तक कि घरेलू कार्यों के दौरान भी वह पढ़ाई के लिए समय निकालती रहीं।

एक शिक्षक पिता और गृहिणी मां की बेटी भारती ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण पुलिस सेवा के साथ उच्च शिक्षा हासिल कर असिस्टेंट प्रोफेसर बनना पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है।

थाने में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली भारती यादव अब जल्द ही विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा देती नजर आएंगी। उनकी सफलता पुलिस सेवा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *