संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताया दहेज हत्या का संदेह
रुद्रपुर। ग्राम कीरतपुर में बुधवार तड़के एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजिस्ट्रेट और कोतवाल की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम आरासल, पोस्ट सलपद, तहसील धनोली, थाना दन्या, जिला अल्मोड़ा निवासी 24 वर्षीय मुन्नी का विवाह 29 जनवरी 2023 को ग्राम कीरतपुर निवासी हरीश पांडे के साथ हुआ था। दंपति का 10 माह का एक पुत्र भी है।
बताया गया है कि मंगलवार को मुन्नी की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसका ग्राम दानपुर स्थित एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया था। इसकी सूचना मिलने पर मुन्नी के मायके पक्ष के लोग भी शाम को उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उनका आरोप है कि मुन्नी के मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून बह रहा था, जिससे उन्हें उसकी मौत पर संदेह है। मृतका के परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। टीवी, फ्रिज और बेड समेत अन्य सामान न लाने को लेकर उसे ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में रहती थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका का पति और ससुर शराब के नशे में अक्सर उसे धमकाते थे। उनका कहना है कि घटना के समय मृतका का पति काम के सिलसिले में मुरादाबाद गया हुआ था, जबकि घर में सास, ससुर और ननद मौजूद थे। उन्होंने आशंका जताई है कि मुन्नी की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।







