सड़क निर्माण की स्वीकृति पर विधायक तिलक राज बेहड़ का भव्य स्वागत

Spread the love

सड़क निर्माण की स्वीकृति पर विधायक तिलक राज बेहड़ का भव्य स्वागत
किच्छा। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा मलसी में मंदिर से मंगल दल तक लगभग 700 मीटर लंबी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक तिलक राज बेहड़ का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने बताया कि ग्राम सभा मलसी में उनके प्रयासों से लगभग 2 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य योजना के अंतर्गत तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण, विधायक निधि से श्मशान घाट एवं पुलिया का निर्माण, गुरुद्वारे व मंदिर में विभिन्न विकास कार्य सहित कई जनहित के कार्य संपन्न कराए गए हैं, जिससे क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कराया गया, जबकि उनके कार्यकाल में एक ही ग्राम सभा में इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए गए हैं। विधायक ने बताया कि उनके प्रयासों से शिमला कुर्रेया मार्ग तथा अटरिया-शांतिपुरी-नगला मार्ग के निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार जताया।
विधायक बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और विकास को प्राथमिकता देने में विश्वास रखती है। उन्होंने राहुल गांधी को दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि अब जनता उनके विचारों को समझने लगी है।
उन्होंने क्षेत्र की जनता से आगामी चुनाव में समर्थन देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह, गुरदास कालड़ा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण शुक्ला, मेजर सिंह, दलजीत सिंह, ग्राम प्रधान राजेंद्र दास समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *