सड़क हादसे मे पूर्व दर्जा राज्य मंत्री के पुत्र की मौत 

Spread the love

सड़क हादसे मे पूर्व दर्जा राज्य मंत्री के पुत्र की मौत

 

सिंचाई गूल में बाइक के नीचे दबा मिला शव

गूलरभोज  कांग्रेस सरकार में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री रहे प्रेम सिंह के पुत्र महेंद्र सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। 41 वर्षीय महेंद्र सिंह की बाइक अनियंत्रित होकर ढलान के नीचे खेत में जा गिरी, जहां सिंचाई गूल में बाइक के नीचे दबने से उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूर्व मंत्री के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह मंगलवार रात वार्ड संख्या 6 में अपने एक मित्र के घर जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद आता रहा। बुधवार सुबह पूर्व प्रधान नैन सिंह को रोड की ढलान के नीचे खेत में बनी सिंचाई गूल में एक बाइक गिरी होने की जानकारी मिली। जब पास जाकर देखा गया तो बाइक के नीचे एक व्यक्ति का शव दबा हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पिता प्रेम सिंह ने मृतक की पहचान अपने पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बाइक फिसलने के कारण हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। वर्तमान में परिजनों की तहरीर और पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *