गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का रास्ता साफ, पहली किश्त जारी
एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक 3.5 किमी मार्ग होगा चौड़ा, जाम की समस्या से मिलेगी राहत
रुद्रपुर। शहर की प्रमुख व्यस्त सड़कों में शामिल गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन ने प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए धनराशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 359/2026 के तहत मिली इस मंजूरी के बाद परियोजना के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे गंगापुर रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान महापौर विकास शर्मा ने बताया कि गंगापुर रोड का चौड़ीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। नगर निगम चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से किए गए वादे के अनुरूप उन्होंने इस मांग को शासन स्तर पर लगातार उठाया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगापुर रोड चौड़ीकरण को अपनी घोषणा में शामिल किया। अब शासनादेश जारी होने के साथ परियोजना के प्रथम चरण के लिए धनराशि भी जारी हो गई है।
महापौर ने बताया कि शासनादेश के अनुसार एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक 3.500 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण के प्रथम चरण को मंजूरी मिली है। प्रथम चरण के आगणन के लिए 2.41 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष में प्रारंभिक धनराशि भी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में सड़क का सर्वेक्षण, लेवल पिलर्स, रोड प्लान और एल-सेक्शन तैयार किया जाएगा। इसके बाद भूमि मुआवजा, यूटिलिटी शिफ्टिंग और विस्तृत डीपीआर के लिए आगणन तैयार किया जाएगा। डीपीआर को शासन से आवश्यक वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद सड़क चौड़ीकरण का वास्तविक कार्य शुरू होगा।
महापौर ने कहा कि गंगापुर रोड पर आबादी और वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। मार्ग के आसपास कई प्रतिष्ठित स्कूल और सौ से अधिक छोटी-बड़ी कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। ऐसे में सुबह और शाम के समय सड़क पर लंबा जाम लगना आम हो गया है। स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क चौड़ी होने से गंगापुर, फुलसुंगी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति मिल रही है। शहर की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर डीपीआर और आगे की स्वीकृतियों के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।
महापौर ने गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को शासनादेश जारी होने और प्रथम चरण की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।


