गोली काण्ड मे जिला पंचायत उपाध्यक्ष के भाई समेत दो गंभीर 

गोली काण्ड मे जिला पंचायत उपाध्यक्ष के भाई समेत दो गंभीर

 

हरिद्वार कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह सरकारी जमीन के विवाद को लेकर जबरदस्त खून-खराबा हुआ। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसके बाद हुई फायरिंग में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम पंजनहेड़ी गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान ही दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अतुल चौहान और भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद अचानक गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की चपेट में आने से सचिन चौहान के पेट में गोली लगी, जबकि किशनपाल नामक एक अन्य ग्रामीण भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद में दो लोगों को गोली लगी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, घटना के कुछ देर बाद ही आरोपी अतुल चौहान ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की। वीडियो में उसने दावा किया कि उसने अपनी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement