*मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की चर्चा, 17 नए चेहरों को मिल सकती है जगह*
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी संगठन की नई टीम के गठन के बाद अब केंद्र की मोदी सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर मंत्रिमंडल में व्यापक बदलाव किया जा सकता है। इसमें कुछ वरिष्ठ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव के साथ ही नए और युवा चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ प्रमोशन मिल सकता है, जबकि नितिन गडकरी के मंत्रालय में बदलाव की चर्चा है। इसके अलावा कुछ पुराने नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। संभावित फेरबदल में करीब 16 से 17 नए चेहरों को मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में केंद्रीय राज्यमंत्री के तौर पर भी कई नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है। साथ ही, केंद्र सरकार में शामिल सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। माना जा रहा है कि मोदी सरकार के प्रमुख पांच मंत्रालयों में से किसी एक में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिमंडल में 14 मंत्री ऐसे हैं, जिनके पास एक से अधिक मंत्रालयों का प्रभार है। संविधान के अनुसार केंद्र में प्रधानमंत्री समेत अधिकतम 81 मंत्री हो सकते हैं। फिलहाल मोदी मंत्रिमंडल में 69 मंत्री हैं। ऐसे में 12 मंत्री पद अभी खाली हैं, जिन पर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
राज्यसभा सदस्यों की बढ़ सकती है हिस्सेदारी
संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में राज्यसभा से आने वाले नेताओं की हिस्सेदारी बढ़ने की भी चर्चा है। चुनावी समीकरणों और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को जगह दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी तक सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
