कपकोट में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरा वाहन, दो की गई जान

कपकोट (बागेश्वर)। जनपद बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खलझूनी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन रिखाड़ी बैंड के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भिजवाने की कार्रवाई शुरू की।
हादसे में मृत महिलाओं की पहचान पानुली देवी उर्फ करुली देवी (60 वर्ष) पत्नी प्रताप राम, निवासी खलझूनी गांव तथा सुपुली देवी (68 वर्ष) पत्नी नारायण राम, निवासी खलझूनी गांव के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल पांच अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement