कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत पर भड़के व्यापारी, PNG कनेक्शन बढ़ाने की मांग

कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत पर भड़के व्यापारी, PNG कनेक्शन बढ़ाने की मांग

रुद्रपुर। शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान में शहर में कमर्शियल सिलेंडरों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे छोटे एवं मध्यम वर्ग के व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ठेली संचालक, चाय विक्रेता, टिक्की-समोसा विक्रेता, होटल एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों की आजीविका पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। कई छोटे दुकानदारों के सामने कारोबार बंद होने की स्थिति बन रही है, जबकि कुछ को मजबूरन अपने कार्य में कटौती करनी पड़ रही है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने मांग की कि कमर्शियल सिलेंडरों की नियमित एवं समान आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी रोस्टर प्रणाली लागू की जाए, जिससे छोटे व्यापारियों तक भी आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शनों का दायरा बढ़ाने की भी आवश्यकता जताई गई, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके और लंबी कतारों की स्थिति समाप्त हो।

इस पर जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी ने आश्वासन दिया कि कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग स्तर पर रोस्टर प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे लघु एवं मध्यम व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध हो सकें। साथ ही PNG पाइपलाइन विस्तार के लिए संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर कनेक्शनों को बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान पार्षद गौरव खुराना, पवन गाबा, अंशुल अग्रवाल, भरत बत्रा, दीपक कुमार, संतोष कुमार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement