*कम्युनिटी हॉल निर्माण शुरू कराने की मांग पर विधायक तिलक राज बेहड़ का सांकेतिक धरना, आश्वासन के बाद समाप्त*

Spread the love

*कम्युनिटी हॉल निर्माण शुरू कराने की मांग पर विधायक तिलक राज बेहड़ का सांकेतिक धरना, आश्वासन के बाद समाप्त*

किच्छा। किच्छा में प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित मंडी परिषद मुख्यालय पर सांकेतिक धरना दिया। अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि रुद्रपुर में उनके कार्यकाल के दौरान बने कम्युनिटी हॉल का लाभ आम जनता को मिल रहा है। उसी तर्ज पर किच्छा में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सामाजिक, धार्मिक, वैवाहिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम कम खर्च में आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए मांगे गए प्रस्तावों के तहत किच्छा के लिए कम्युनिटी हॉल, जीजीआईसी, अस्पताल, फायर ब्रिगेड और स्टेडियम समेत कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए थे। कम्युनिटी हॉल परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा 8 जुलाई 2026 को भूमि पूजन भी किया गया, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि भूमि पूजन के बाद लेआउट में मामूली संशोधन का हवाला देकर कार्य रोक दिया गया। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने कम से कम आधार स्तर तक निर्माण कराने की मांग भी उठाई, ताकि जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे पर उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। धरने की सूचना मिलते ही मंडी परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लेआउट संबंधी प्रक्रिया शुरू कराई गई। निर्माण स्थल पर मजदूर भी पहुंच गए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों को जगाने के लिए धरना देने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

धरने के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लेआउट संबंधी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी तथा निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन का सम्मान करते हुए विधायक बेहड़ ने अपना सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने मंडी परिषद से निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और अधिकारियों से समय-समय पर स्थलों का निरीक्षण करने की भी मांग की।

धरने में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, क्षेत्र पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह, गुरदास कालड़ा, प्रेम आर्या, कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, दर्शन कोहली, अशोक चुघ, ओमप्रकाश दुआ, दिनेश पंत, जीवन जोशी, गुरचरण सिंह, हरभजन सिंह, सरजू, प्रांजल गाबा, विक्रमजीत सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *