*सीलिंग, नजूल व दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को बिजली कनेक्शन देने की मांग*
*पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, डीएम को सौंपा ज्ञापन*
रुद्रपुर। सीलिंग भूमि, नजूल भूमि तथा ट्रांजिट कैंप की दानपत्र भूमि पर निवास कर रहे परिवारों को विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्कालीन जिलाधिकारी के 31 मई 2023 तथा सचिव विकास प्राधिकरण के 28 नवंबर 2025 के आदेशों को निरस्त करते हुए जिला मुख्यालय क्षेत्र की सभी आवासीय कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि वर्तमान में अनेक परिवार भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विद्युत संयोजन नहीं मिलने के कारण सैकड़ों परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में जारी आदेशों को निरस्त किया जाना आवश्यक है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विभिन्न वार्डों तथा आसपास की मलिन बस्तियों में हजारों परिवार वर्षों से दानपत्र भूमि पर निवास कर रहे हैं। भूमि स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज एवं रजिस्ट्री उपलब्ध न होने के कारण उन्हें विद्युत कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। इसके अतिरिक्त फाजलपुर मेहरोला क्षेत्र की प्रीत विहार, तराई विहार, लोक विहार, बराड़ नगर, अपना इंक्लेव सहित अन्य कॉलोनियों में भी सैकड़ों परिवार स्थायी रूप से रह रहे हैं।
ठुकराल ने कहा कि इनमें से कई परिवार रजिस्ट्रीयुक्त और नजूल भूमि पर निवास कर रहे हैं, लेकिन भूमि सीलिंग संबंधी प्रतिबंधों के चलते न तो संपत्ति का क्रय-विक्रय हो पा रहा है और न ही दाखिल-खारिज एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो रही है। इसका सीधा असर विद्युत संयोजन प्राप्त करने पर पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि सीलिंग भूमि, नजूल भूमि और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। साथ ही इन परिवारों को मालिकाना हक प्रदान कर भूमि को फ्रीहोल्ड किए जाने की भी मांग की।
इस दौरान संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, ब्रजेन मंडल, ललित बिष्ट, रामकुमार गुप्ता, संजय कुमार, कुंवर पाल कोली, हिम्मत राम कोली, उनैजा फातमा, विमला देवी, सुनीता, ममता, कलावती, आशिया अंसारी, नाजमा, नेहा, रूबीना, शमीला, मेहनाज बी, विवेक, अंजुम, राहुल, यासमीन, काव्या, बाबू राम, फैसल, रूबल कौर, दीपक, रेशमा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







