चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिला शिष्टमंडल
देहरादून। उत्तराखंड की विभिन्न चीनी मिलों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और उनके हितों की रक्षा को लेकर एक शिष्टमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
शिष्टमंडल में कैबिनेट मंत्री एवं सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, बाजपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश कुमार तथा जसपुर के पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल शामिल रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल कर्मचारियों के वेतन में 38 से 45 प्रतिशत तक की जा रही कटौती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि वेतन कटौती के कारण हजारों कर्मचारी और उनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की चीनी मिलों के कर्मचारी वर्षों से निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनके वेतन और सेवा संबंधी समस्याओं का न्यायोचित समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो वित्त एवं श्रम विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और कर्मचारियों के हितों के संरक्षण तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक एवं संवेदनशील पहल का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में जल्द ही ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।







