*हनुमान चालीसा पाठ कर कांग्रेस ने जताया विरोध, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग*
रुद्रपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शनिवार को रुद्रपुर की गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान देश में शांति, सद्बुद्धि एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की कामना की गई।
कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा जंतर-मंतर की कथित घटना को लेकर प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की।
कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बातों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि लोकतंत्र में विरोध के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन हनुमान जी की आरती तथा देश में शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की प्रार्थना के साथ हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, जहांगीर कुरैशी, मुनीश गिरी, मोनिका ढाली, सोफिया नाज, अनंत विश्नोई, अंकिता अधिकारी, दिनेश पंत, पवन वर्मा, राजेंद्र मिश्रा, अमित अरोरा, नवीन खेतवाल, रणजीत राणा, रोहित चौहान, विजय पुजारा, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







