एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना के केंद्रीय नैपुण्य वर्ग का शुभारंभ
रुद्रपुर। एकल अभियान के अंतर्गत संचालित एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना के दो दिवसीय केंद्रीय नैपुण्य वर्ग का शुभारंभ शनिवार को रेणुका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा (रुद्रपुर) में मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय भूषण गर्ग, वर्ग संयोजक भारत भूषण चुघ, केंद्रीय सह अभियान प्रमुख दीप कुमार, विभाग प्रचारक नरेंद्र तथा रथ योजना प्रभारी डॉ. सारोत्ताम शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
प्रभाग-5 के रथ योजना प्रभारी झम्मन लाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता केंद्रीय सह अभियान प्रमुख दीप कुमार ने कहा कि एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना, एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट की एक अनूठी पहल है। इसके तहत मिनी ट्रकों को चलता-फिरता मंदिर (रथ) का स्वरूप देकर दूरस्थ वनवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है, जहां धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन गांवों में स्थायी मंदिर नहीं हैं, वहां रथ के माध्यम से भगवान की प्रतिमा स्थापित कर लोगों को पूजा-अर्चना का अवसर प्रदान किया जाता है। साथ ही रथ पर लगी स्क्रीन के माध्यम से रामायण, महाभारत एवं अन्य प्रेरणादायक धार्मिक एवं सांस्कृतिक फिल्में प्रदर्शित की जाती हैं। इस योजना का उद्देश्य सत्संग एवं संस्कारों के माध्यम से छुआछूत, अंधविश्वास और नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरूकता फैलाना भी है।
मुख्य अतिथि विजय भूषण गर्ग ने एकल अभियान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। विभाग प्रचारक नरेंद्र ने पंच परिवर्तन विषय पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत भूषण चुघ ने की तथा उन्होंने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन प्रभाग-5 की उपाध्यक्ष शैली बंसल ने किया।
इस अवसर पर रथ निर्माण प्रभारी प्रवीण प्रजापति, पी-4 रथ प्रभारी प्रमोद अग्निहोत्री, उत्सव विभाग के केंद्रीय प्रमुख ढाल सिंह, केंद्रीय सह प्रमुख विशाल, प्रभाग प्रमुख ओम प्रकाश, सुरेंद्र, केंद्रीय प्रशिक्षण टोली सदस्य गोरेंद्र मधुकर चतुर्वेदी, दिनेश कपूर, अंजुल त्यागी, विकास शर्मा, बलदेव राज छाबड़ा, दिनेश कालरा, प्रमोद विष्ट, नीलकंठ राणा, समीर उपाध्याय, अरविंद कन्नौजिया, ममता कोरंगा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







