विधि-विधान के साथ ‘संजय वन पुलिस चौकी’ का शुभारंभ, एसएसपी अजय गणपति ने किया उद्घाटन

विधि-विधान के साथ ‘संजय वन पुलिस चौकी’ का शुभारंभ, एसएसपी अजय गणपति ने किया उद्घाटन

रुद्रपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंतनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नवस्थापित संजय वन पुलिस चौकी का बुधवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर चौकी का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उद्घाटन के बाद एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा और विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संजय वन पुलिस चौकी की स्थापना से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।

उन्होंने बताया कि नई पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्रवासियों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित हो सकेगा।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी तथा अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement