*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त नहीं होगी: सुबोध उनियाल*
15 दिन में पूरे होंगे सभी मानक, वर्ष के अंत तक शुरू होगी पढ़ाई
रुद्रपुर/देहरादून। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया है कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर की नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) मान्यता समाप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी मानकों को तय समय में पूरा कर इसी वर्ष के अंत तक मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह आश्वासन किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला से मुलाकात के दौरान दिया। राजेश शुक्ला ने हाल ही में मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त होने संबंधी प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरों से क्षेत्र की जनता और चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य से दूरभाष पर वार्ता की और निर्देश दिए कि एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी मानकों की पूर्ति 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक नियुक्तियां एवं अन्य औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर मेडिकल कॉलेज को सभी मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
सुबोध उनियाल ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की मान्यता समाप्त नहीं हुई है। एनएमसी ने केवल आवश्यक कमियों को दूर करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। सरकार इस अवधि में सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लेगी और मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष के अंत तक पढ़ाई शुरू करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर पूरी तरह गंभीर है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधम सिंह नगर सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, वहीं प्रदेश में चिकित्सकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर भ्रामक और तथ्यहीन खबरें फैलाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों के निर्माण एवं संचालन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के विजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार तेजी से साकार कर रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं होने दी जाएगी तथा दोनों संस्थानों को सभी मानकों की पूर्ति के बाद सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सकारात्मक प्रयासों से रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का सपना जल्द साकार होगा और क्षेत्र की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के साथ चिकित्सा शिक्षा का भी लाभ मिलेगा।







