ऑपरेशन सिंदूर के छह शहीदों के नाम पहली बार सार्वजनिक नेशनल वॉर मेमोरियल के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में दर्ज किए गए वीर जवानों के नाम

ऑपरेशन सिंदूर के छह शहीदों के नाम पहली बार सार्वजनिक

नेशनल वॉर मेमोरियल के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में दर्ज किए गए वीर जवानों के नाम

नई दिल्ली, 26 जून। केंद्र सरकार ने पहली बार आधिकारिक रूप से उन छह भारतीय सैनिकों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिन्होंने मई 2025 में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों पर किए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन सभी शहीदों के नाम नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ सेक्शन तथा स्मारक की ‘वॉल 3डी’ पर अंकित किए गए हैं।

शहीद होने वाले जवानों में सूबेदार मेजर पवन कुमार (10 इन्फैंट्री ब्रिगेड), राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र, 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री), लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट), एविएशन टेक्नीशियन मूड मुरलीनाइक (851 लाइट रेजिमेंट), हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी) तथा सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना पदक, 39 विंग) शामिल हैं।

सरकार द्वारा इन नामों के सार्वजनिक किए जाने के साथ ही पहली बार आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि हुई है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के छह जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इससे पहले इस संबंध में केवल मीडिया रिपोर्टें सामने आई थीं, लेकिन सरकार ने किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।

उल्लेखनीय है कि राइफलमैन सुनील कुमार को वीर चक्र तथा सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को वायु सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है। नेशनल वॉर मेमोरियल में उन्हीं सैन्य कर्मियों के नाम दर्ज किए जाते हैं जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद विभिन्न सैन्य अभियानों और संघर्षों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।

गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 26 नागरिकों की जान गई थी। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की थी। बाद में 10 मई 2025 को भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हुई वार्ता के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement