*विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार*
*वीजा और वर्क परमिट के नाम पर लिए थे 20 हजार रुपये, इमिग्रेशन कार्यालय और दस्तावेज सील*
रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा व वर्क परमिट बनवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने एक इमिग्रेशन एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 हजार रुपये और उसके शैक्षणिक दस्तावेज व पासपोर्ट लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शमशेर निवासी ग्राम सहदौरा, थाना पुलभट्टा ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी मुलाकात मो. अलीम से हुई थी। अलीम ने उनके पुत्र को वीजा और वर्क परमिट के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद शमशेर ने अपने पुत्र की कंप्यूटर डिप्लोमा की मार्कशीट, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिए।
आरोप है कि रुपये और दस्तावेज लेने के बावजूद आरोपी ने न तो उनके पुत्र को विदेश में नौकरी के लिए भेजा और न ही वीजा, वर्क परमिट और शैक्षणिक दस्तावेज वापस किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और उत्प्रवास अधिनियम की धारा 10/24 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी मो. अलीम (29) पुत्र जमील अहमद, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर को उसके कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस, चार साहिबजादे चौक, आवास विकास, रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की विवेचना जारी है।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा और हेड कांस्टेबल मनोज बोरा शामिल रहे।
पुलिस की अपील: ऊधमसिंहनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के लिए किसी व्यक्ति या इमिग्रेशन एजेंसी को धनराशि देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और आवश्यक पंजीकरण की जांच अवश्य कर लें। धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


