*पूर्व भाजपा विधायक की बेटी की शिकायत पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार*
*सहारनपुर स्थित आवास से पकड़ी गईं, पुलिस ने मोबाइल फोन भी किया बरामद*
हरिद्वार। ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें सहारनपुर स्थित उनके आवास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, मामले में घटना के दौरान इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था। शिकायत में व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग किए जाने की बात भी कही गई है। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में सहारनपुर में दबिश देकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी चर्चा में आई थीं उर्मिला
अभिनेत्री उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो साझा करने के बाद भी चर्चाओं में आई थीं। इन वीडियो और ऑडियो में उन्होंने कथित वीआईपी का जिक्र किया था, जिसके बाद उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। इस प्रकरण की जांच कर रही सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से अलग-अलग स्थानों पर पूछताछ भी की थी।
अब पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी के बाद उर्मिला सनावर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।


