रुद्रपुर में “त्रिशूल चौक” स्थापना पर महापौर विकास शर्मा का सम्मान

त्रिशूल चौक की स्थापना पर भाजपा नेताओं ने महापौर का किया सम्मान

रुद्रपुर। शहर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भव्य “त्रिशूल चौक” की स्थापना कर नगर को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान दिलाने के लिए भाजपा नेताओं ने महापौर विकास शर्मा का सम्मान किया। नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नेताओं ने महापौर को अंगवस्त्र भेंट कर प्रतीक चिह्न प्रदान किया और उनके विजन की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी निखारने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का नाम भगवान रुद्र (शिव) के नाम पर है, किंतु वर्षों से आने वाले आगंतुकों को इस ऐतिहासिक व आध्यात्मिक तथ्य का बोध नहीं हो पाता था। त्रिशूल चौक की स्थापना जनभावनाओं और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, जिससे शहर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं और यात्रियों को इसकी पहचान का अनुभव होगा।

महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जनता के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य रुद्रपुर को केवल आधुनिक सुविधाओं वाला शहर बनाना नहीं, बल्कि “स्मार्ट सिटी” के साथ “संस्कार सिटी” के रूप में विकसित करना है। सड़कों, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के साथ संस्कृति संरक्षण भी प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से शहर के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा आने वाले समय में सौंदर्यीकरण की कई परियोजनाएं शुरू होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि त्रिशूल स्थापना के बाद डमरू स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने शहर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए महापौर की कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, प्रदेश आईटी संयोजक ओबीसी मोर्चा योगेश वर्मा, जिला मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर, सुनील सिंह, अभिषेक तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement