एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 युवकों की काउंसलिंग

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 युवकों की काउंसलिंग

रुद्रपुर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधी प्रवृत्ति के 12 युवकों को कोतवाली रुद्रपुर बुलाकर उनकी काउंसलिंग की। इस दौरान उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग सत्र में कोतवाली रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप और थाना किच्छा क्षेत्र के कुल 12 युवकों को तलब किया गया था। अधिकारियों ने सभी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, कानून का पालन करने तथा क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा असत्य जानकारी प्रसारित कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस ने बताया कि काउंसलिंग के बाद भी इन सभी युवकों की गतिविधियों एवं उनके सोशल मीडिया खातों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। काउंसलिंग के दौरान युवकों ने भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा कानून का पालन करने का आश्वासन दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी अराजक तत्व को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement